भाजपा-जजपा गठबंधन नहीं ठगबंधन है: अभय चौटाला
- Pictures Tree
- Jun 16, 2020
- 2 min read

चंडीगढ़: इनेलो नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला ने आज चंडीगढ़ में बसपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती समेत कई पदाधिकारियों को इनेलो में शामिल किया। उन्होंने कहा कि हमारा बसपा से जो गठबंधन हुआ था और उस गठबंधन के बाद हालात इस किस्म के बने कि सभी बसपा के साथी चाहते थे कि गठबंधन ज्यों का त्यों कायम रहे लेकिन कुछ स्वार्थी किस्म के लोगों ने हमारे इस गठबंधन को तोडऩे का काम किया। उस गठबंधन के दौरान हमने मिलकर हरियाणा प्रदेश के हितों की लड़ाई लड़ी। खासकर एसवाईएल मुद्दे पर हरियाणा के लोगों को उनके हक का पानी मिले व सुप्रीम कोर्ट का फैसला लागू हो, उस लड़ाई में जो भूमिका प्रकाश भारती व साथियों ने निभाई वो बहुत काबिलेतारीफ रही। आज प्रकाश भारती के साथ बसपा के पदाधिकारियों ने इनेलो में शामिल होने का जो फैसला लिया है उससे प्रदेश सरकार द्वारा मचाई जा रही लूट के खिलाफ एक मंच से लड़ाई की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी भी मौजूद थे।
इनेलो नेता ने कहा कि बसपा को अलविदा कह इनेलो में शामिल होने पर मैं सभी का स्वागत करता हूं और भरोसा दिलाता हूं कि हम सब मिलकर हरियाणा प्रदेश के लोगों की जहां भी किसानों, कर्मचारियों, मजदूरों व छोटे व्यापारियों की अनदेखी करेगी तो हम उन्हें न्याय दिलाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार से जनता दुखी है, कांग्रेस में बड़ी फूट है जो विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रहे हैं, वो केवल अखबारों तक सीमित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि मैंने विधानसभा सत्र के दौरान पत्रकारों को कहा था कि हालात अपने आप बदलेंगे, आज हालात बदल रहे हैं। आज सैकड़ों की तादाद में लोग चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व में इनेलो में आस्था व्यक्त कर रहे हैं और इनेलो में शामिल होना चाहते हैं।
Yorumlar